होम बिहार चुनाव: लोजपा से पल्ला छुड़ाने में जुटी भाजपा, अंदरूनी साठगांठ की चर्चा से परेशान
बिहार चुनाव: लोजपा से पल्ला छुड़ाने में जुटी भाजपा, अंदरूनी साठगांठ की चर्चा से परेशान
भाजपा (BJP) ने बिहार में सत्तारूढ़ राजग (NDA) से नाता तोड़कर अलग चुनाव लडऩे वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के विरूद्ध शुक्रवार को आक्रामक मुद्रा अपनाते हुए उसे न सिर्फ ''वोट कटवा'' करार दिया बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि राज्य विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी की कोई ''बी, सी या डी टीम'' नहीं है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि लोजपा अपना अस्तित्व बचाने के लिए ''झूठ और भ्रम'' की राजनीति कर रही है जो सफल नहीं होगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की दो तिहाई बहुमत से जीत होगी।उल्लेखनीय है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान द्वारा गठित लोजपा की कमान अब उनके सांसद पुत्र चिराग पासवान के हाथों में हैं। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाले जनता दल (यूनाइटेड) से सैद्धांतिक मतभेदों का हवाला देते हुए बिहार में अलग चुनाव लडऩे की घोषणा की है। पासवान केंद्र की राजग सरकार में मंत्री थे और उनकी पार्टी इसका हिस्सा रही है। इसके बावजूद भाजपा नेताओं ने लोजपा पर आज चौतरफा हमला बोला।
अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ''चिराग पासवान ने बिहार में अपना अलग रास्ता चुना है और वो हमसे अलग होकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर वह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह झूठी बयानबाजी सफल नहीं होगी।'' उनके इन प्रयासों की निंदा करते हुए जावड़ेकर ने स्पष्ट किया कि बिहार चुनाव में भाजपा की कोई ''बी, सी या डी टीम'' नहीं है।
उन्होंने कहा, ''हमारी एक ही मजबूत टीम है और वह है..भाजपा, जद(यू), हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी)। चार दलों का हमारा गठबंधन राजग मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। तीन चौथाई बहुमत से विजयी होगी और हम कांग्रेस, राजद और माले के अपवित्र गठबंधन को हराएंगे।'' उन्होंने कहा, ''चिराग की पार्टी एक वोट कटवा पार्टी रह जाएगी। बहुत ज्यादा असर नहीं नहीं डाल सकेगी चुनाव पर। हम साफ करना चाहते हैं कि दूर-दूर तक हमारा कोई रिश्ता नहीं है। भ्रम की राजनीति हमें पसंद नहीं है।''
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।