होम दो साल में सभी रेलवे स्टेशन पर लग जायेंगे सीसीटीवी कैमरे
दो साल में सभी रेलवे स्टेशन पर लग जायेंगे सीसीटीवी कैमरे
देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम अगले दो साल में पूरा कर लिया जायेगा।
रेलवे बोर्ड के सदस्य (सिग्नलिंग और दूरसंचार) प्रदीप कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य से सभी रेलवे स्टेशनों और कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव है। इनमें से 598 स्टेशनों और 2,019 कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाये जा चुके हैं। अगले दो साल में सभी रेलवे स्टेशनों और 7,020 कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जायेगा। देश में छह हजार से अधिक रेलवे स्टेशन हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए 1,927 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम पूरा कर लिया गया है तथा 1,089 स्टेशनों पर इस दिशा में काम चल रहा है। पिछले साल ही 350 स्टेशनों को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के साथ अपग्रेड किया गया है।
हर जोन में कम से कम एक केंद्रीकृत यातायात नियंत्रण प्रणाली (सीटीसी) बनाने की भी योजना है। इसमें एक ही जगह से दो सौ किलोमीटर से अधिक का रेल यातायात नियंत्रित किया जा सकता है। कुल 6,966 किलोमीटर रेल मार्ग को सीटीसी प्रणाली के तहत लाने की मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना की लागत 6,328 करोड़ रुपये होगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।