होम MP में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा मिला, लाइसेंसी दुकानों पर भी शक की सुई
MP में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा मिला, लाइसेंसी दुकानों पर भी शक की सुई
पुलिस ने अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा पकड़ते हुए इनके निर्माता समेत पांच लोगों को अलग-अलग स्थानों से बृहस्पतिवार को धर दबोचा। इसके साथ ही, हथियारों की लायसेंसी दुकानों से कारतूसों की गैरकानूनी बिक्री के सुराग मिलने का खुलासा किया। पुलिस महानिरीक्षक विवेक शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेवक सिंह चावला (21), करण यादव (19), चंद्रकांत ठाकरे (20), शशांक कौशल (27) और राधेश्याम सिंह (28) के रूप में हुई है।
शर्मा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कुल 34 देशी पिस्तौल और देशी कट्टे बरामद किये गये हैं। पुलिस महानिरीक्षक के मुताबिक यह प्रदेश में पिछले डेढ़ साल के दौरान एक ही मामले में अवैध हथियारों की सबसे बड़ी बरामदगी है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी खरगोन जिले का रहने वाला चावला अवैध हथियारों का कारखाना चलाता है, जबकि चार अन्य इंदौर निवासी आरोपी इन आग्नेय अस्त्रों की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं।
शर्मा ने बताया कि हमें आरोपियों से पूछताछ में सुराग मिले हैं कि अवैध हथियारों के खरीदार बंदूकों और कारतूसों की लायसेंसी दुकानों से गोलियां हासिल कर रहे हैं। मैंने इसकी जांच शुरू कराने के साथ ही पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर कुछ सुझाव दिये हैं ताकि असलहे के इस गैरकानूनी कारोबार पर रोक लग सके।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।