होम ननकाना साहिब हमला: कांग्रेस ने कहा- इसके लिए पाकिस्तानी सरकार जिम्मेदार
ननकाना साहिब हमला: कांग्रेस ने कहा- इसके लिए पाकिस्तानी सरकार जिम्मेदार
कांग्रेस ने पाकिस्तान के ननकाना साहिब पर भीड़ द्वारा कथित पथराव एवं नारेबाजी की घटना के लिए वहां की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए शनिवार को कहा कि इमरान खान की सरकार को इस पवित्र स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुआ हमला मानवता के आदर्शों एवं धार्मिक मूल्यों को शर्मसार करने वाली घटना है। इस हमले के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान की सरकार जिम्मेदार है। इस घटना की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ननकाना साहिब की सुरक्षा सुनिश्चित करे। पाकिस्तान में धार्मिक उत्पीड़न पर क्या और सबूत चाहिए: केंद्रीय मंत्री पुरी
ननकाना साहिब गुरुद्वारा पर हुए पथराव को लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न करने वाले को इस घटना के बाद भी क्या सबूत चाहिए?
केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि श्री ननकाना साहिब गुरुद्वारा में हुई शर्मनाक घटनाओं से उन सभी लोगों की आंख खुल जानी चाहिए जो पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न से इनकार कर रहे हैं और सीएए की जरूरत से मुंह मोड़ रहे हैं। उन्हें और क्या सबूत चाहिए?
उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से जाहिर है कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों को किस तरह मुश्किलों का सामना करता पड़ता है। एक भारतीय और एक सिख होने के नाते मैं उन सभी लोगों को धर्मनिरपेक्ष और संवेदनशील नहीं मानता जो इन ज़्यादतियों और उत्पीड़न की सच्चाई के प्रति अपनी आंखें बंद करके बैठे हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में सिख किशोरी से शादी करने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति के परिवार की अगुवाई में कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को यहां गुरद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब के बाहर प्रदर्शन किया।
खबरों के अनुसार भीड़ ने गुरद्वारे पर धावा बोल दिया और सिख श्रद्धालुओं पर पथराव किया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा की है। हालांकि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इन खबरों को झूठा बताया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।