होम अखिलेश यादव का आरोप, अनुपयोगी मुख्यमंत्री हमारा फोन टेप करा रहे हैं
अखिलेश यादव का आरोप, अनुपयोगी मुख्यमंत्री हमारा फोन टेप करा रहे हैं
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केंद्रीय संस्थाओं के सहारे विपक्षी नेताओं को धमकाने का रविवार को आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अपना और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का फोन टेप कराने का भी आरोप लगाया। सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यादव ने योगी को अनुपयोगी मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार को अनुपयोगी सरकार करार देते हुए आरोप लगाया कि हम सबके फोन सुने जा रहे हैं और अनुपयोगी मुख्यमंत्री खुद शाम को कुछ लोगों की रिकॉर्डिंग सुनते हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, आप लोग भी सावधान रहें अगर हमसे फोन पर बात करते हैं तो जरूर सावधान रहें।सपा प्रमुख ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के ठिकानों समेत अन्य सपा नेताओं के घरों में आयकर विभाग की छापेमारी पर आक्रोश प्रकट करते हुए कहा, जैसे जैसे भाजपा को हार सताएगी, उत्तर प्रदेश में उनके नेताओं, मुख्यमंत्रियों और दिल्ली से आने वाले नेताओं की संख्या बढ़ जाएगी और इसमें कोई शक नहीं था कि पार्टी आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और भी संस्थाओं का सहारा लेकर हमला करने का काम करेगी। केंद्रीय संस्थाओं का सहारा लेकर सपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा , अभी तक तो वर्तमान सरकार को हटाने के लिए इन संस्थाओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन पहली बार देखने को मिल रहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार न बन जाए इसके लिए इन संस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। यादव ने कहा, पूरा देश जानता है कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी चुनाव हारने लगती है, इन संस्थाओं को आगे कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भी केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लेकर विपक्षी दलों को डराने के लिए कांग्रेस के रास्ते पर जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।