होम शाहजहांपुर में गरजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को शाहजहांपुर के सिटी पार्क स्थित जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना के आवास पर पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
शाहजहांपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को शाहजहांपुर के सिटी पार्क स्थित जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना के आवास पर पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अजय राय ने कहा कि प्रदेश और देश में अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद हम सभी के पूजनीय हैं, लेकिन सरकार उन्हें और उनके शिष्यों को गलत तरीके से फंसा रही है तथा झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने इसे सनातन धर्म और देशवासियों का अपमान बताया। राय ने कहा कि शंकराचार्य भगवान स्वरूप माने जाते हैं और उन पर आरोप लगाना पूरे सनातन समाज का अपमान है।
अजय राय ने एसआई समिट के दौरान कांग्रेस यूथ के कार्यकर्ताओं की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने जो किया, वह बिल्कुल सही था। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन के रोबोट डॉग को अपने देश का बताने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में भाजपा ने अपने लोगों पर क्या कार्रवाई की। राय ने कहा कि इससे देश और वैज्ञानिकों का अपमान हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झांसी और ललितपुर में कांग्रेस के युवाओं को घरों से उठाकर प्रताड़ित किया गया। कांग्रेस पार्टी अपने युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश को भ्रमित करना और ठगना बंद करने की अपील की।
अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी इस देश के नेता हैं और 140 करोड़ देशवासी उन्हें अपना नेता मानते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सभी वर्गों की बात करते हैं। रोबोट डॉग प्रकरण को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री से देश से माफी मांगने की मांग की।
राय ने आरोप लगाया कि देश में नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान महीने में मुस्लिम बुजुर्गों के साथ मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। इसे उन्होंने आरएसएस की नफरत की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुस्लिम बुजुर्गों से मिलकर मोहब्बत का संदेश देंगे।
अजय राय ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम और हिंदू-हिंदू के बीच विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरे पर भी सवाल उठाए और कहा कि पहले भी मंत्री 15 करोड़ रुपये खर्च कर आए थे, लेकिन शाहजहांपुर में उद्योगों की स्थिति खराब है। कई कारखाने बंदी की कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान न होने से किसान परेशान हैं और चीनी मिलें बंद होने की स्थिति में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय ठेके गुजरात के लोगों को दिए जा रहे हैं। राय ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और भाजपा जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।