होम राम के बाद अब कृष्ण पर BJP का दांव! मथुरा को 977 करोड़ की सौगात देंगे CM योगी, चुनाव से पहले सियासी संदेश?
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी का फोकस अब मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि पर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 3 सितंबर से मथुरा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी का फोकस अब मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि पर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 3 सितंबर से मथुरा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सीएम योगी ब्रज क्षेत्र को कुल 977 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 540 करोड़ रुपये की लागत वाली 57 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा 437 करोड़ रुपये की 167 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सीएम योगी श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का भी लोकार्पण करेंगे।
मथुरा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबी सौंपेंगे। इसके साथ ही वह संतों से मुलाकात करेंगे और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराएंगे।
सीएम योगी ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा वह ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण कर वहां चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दूसरे दिन यानी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वह गो पूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मथुरा में प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहली बार होगा जब योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे। ऐसे में उनके इस दौरे को धार्मिक और राजनीतिक, दोनों ही नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा चर्चा में है। पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे को उठाते रहे हैं। अब जन्माष्टमी के अवसर पर उनका दो दिवसीय मथुरा दौरा इस मुद्दे को और चर्चा में ला सकता है।
2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के राजनीतिक नैरेटिव में अयोध्या और राम मंदिर का मुद्दा प्रमुखता से दिखाई दिया था। अब 2027 के चुनावी माहौल में मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि को लेकर पार्टी की सक्रियता को इसी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
बीजेपी की ओर से राम के बाद कृष्ण के सहारे नया सियासी नैरेटिव तैयार करने की कोशिश के बीच समाजवादी पार्टी भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटी है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मथुरा दौरा और ब्रज क्षेत्र के लिए 977 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं आने वाले चुनावी माहौल में राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।