होम इतिहास रचने को तैयार स्क्वाड्रन लीडर अवनी चतुर्वेदी, जापान के साथ हवाई अभ्यास को करेंगी लीड
इतिहास रचने को तैयार स्क्वाड्रन लीडर अवनी चतुर्वेदी, जापान के साथ हवाई अभ्यास को करेंगी लीड
देश की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी उस भारतीय दल का हिस्सा होंगी जो जापान के साथ हवाई युद्धाभ्यास में भाग लेगा। अवनी भारतीय वायु सेना (IAF) के सुखोई-30MKI स्क्वाड्रन का नेतृत्व करती हैं और जोधपुर में तैनात हैं।
वायुसेना के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि SU-30MKI स्क्वाड्रन लीडर अवनी चतुर्वेदी हवाई युद्धाभ्यास में भाग लेने के लिए शीघ्र ही जापान के लिए रवाना होंगी।
बता दें कि भारत और जापान की वायुसेनाएं 12 से 26 जनवरी तक पहला द्विपक्षी अभ्यास करेंगी। दोनों देशों के बीच होने वाला यह अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की सैन्य ताकत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच प्रगाढ़ होते रक्षा संबंधों को दर्शाता है। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएएसडीएफ) के बीच 'वीर गार्जियन-2023' नामक यह अभ्यास जापान के हयाकुरी एयरबेस पर आयोजित किया जाएगा।
इतिहास रचने वाली हैं अवनी
बता दें कि इससे पहले भारतीय महिला फाइटर पायलट फ्रांसीसी वायु सेना सहित विदेशी टुकड़ियों के साथ देश में हवाई युद्धाभ्यास का हिस्सा रही हैं। लेकिन यह पहली बार होगा जब विदेशी धरती पर भारतीय महिला लड़ाकू पायलट वायु युद्धाभ्यास का नेतृत्व करेंगी। अवनी चतुर्वेदी को मोहना सिंह जीतवाल और भावना कंठ के साथ भारतीय वायु सेना में पहली महिला लड़ाकू पायलट घोषित किया गया था। अवनी चतुर्वेदी का जन्म मध्य प्रदेश में हुआ था। भारतीय वायुसेना में शामिल होने से पहले, उन्होंने तेलंगाना के डुंडीगल में वायु सेना अकादमी में छह महीने का गहन प्रशिक्षण लिया था।
ये विमान लेंगे हिस्सा
'वीर गार्जियन 2023' नाम का यह अभ्यास 16 जनवरी से 26 जनवरी तक जापान के ओमिटामा में हयाकुरी एयर बेस और इसके आसपास के हवाई क्षेत्र और सयामा में इरुमा एयर बेस में आयोजित किया जाएगा। भारतीय वायुसेना ने शनिवार को कहा कि अभ्यास में उसकी तरफ से चार सू-30 एमकेआई विमान, दो सी-17 विमान और एक आईएल-78 विमान हिस्सा लेंगे। जेएएसडीएफ के चार एफ-2 और चार एफ-15 विमान अभ्यास में हिस्सा लेंगे। आईएएफ ने एक बयान में कहा, “देशों के बीच वायु रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए, भारत और जापान संयुक्त हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन-2023' आयोजित करने के लिए तैयार हैं।”
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।