होम छात्रों की रिहाई और मुकदमे वापस लेने की मांग, आरजेडी ने पूरे बिहार में बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन और कथित गोलीबारी की घटना के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन और कथित गोलीबारी की घटना के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि गिरफ्तार छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो आरजेडी पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
सोमवार (27 जुलाई, 2026) को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि आज रात तक छात्रों को रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज केस वापस नहीं लिए गए, तो राज्यभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार की धरती क्रांति और बदलाव की धरती है. छात्रों को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा. बाद में सरकार यह न कहे कि हमने पहले से चेतावनी नहीं दी थी."
उन्होंने कहा कि आरजेडी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
राजद नेता ने बिहार सरकार पर छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्दोष छात्रों पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि गोली लगने की घटना में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है।
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि यदि गोली किसी छात्र को गंभीर रूप से लग जाती या उसकी जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को बड़े-बड़े दावे करने के बजाय छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। तेजस्वी यादव की चेतावनी के बाद इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज होने के संकेत हैं। हालांकि, उनके आरोपों पर बिहार सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।