होम अमरनाथ यात्रा हादसे के बाद एक्शन में LG मनोज सिन्हा, अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के SKIMS अस्पताल का दौरा किया।
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के SKIMS अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने हादसे में घायल हुए तीर्थयात्रियों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को सभी घायलों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए।
गांदरबल जिले के गनीवान क्षेत्र में मंगलवार (28 जुलाई) सुबह अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बताया गया कि करीब 50 यात्रियों को लेकर जा रही बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पहाड़ी से नीचे गिरकर एक मकान पर जा गिरी। इस दुर्घटना में 39 तीर्थयात्री घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उपराज्यपाल को घायलों की स्थिति और चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद मनोज सिन्हा ने अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी घायल श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता, व्यक्तिगत देखभाल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही तीर्थयात्रियों के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, 'आज, मैंने गांदरबल के गनीवान में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल हुए अमरनाथ जी यात्रा के तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य और हाल-चाल जानने के लिए श्रीनगर के SKIMS का दौरा किया. बाबा अमरनाथ की कृपा से, आज सुबह भर्ती किए गए सभी 39 तीर्थयात्री अभी स्थिर हालत में हैं और इलाज का उन पर अच्छा असर हो रहा है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने अस्पताल प्रशासन को घायलों को बेहतरीन मेडिकल सुविधा देने का निर्देश दिया है. वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तीर्थयात्रियों को हर जरूरी मदद और व्यक्तिगत देखभाल दें, और उनके ठीक होने पर उनके घर सुरक्षित वापसी के इंतजामों को प्राथमिकता दें.'
दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया था और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और घायलों के इलाज के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।