होम खिलाड़ियों-कलाकारों के लिए अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सरकार बनी तो 21 लाख रुपये की सम्मान राशि!
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों और कलाकारों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों और कलाकारों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। अखिलेश यादव ने रविवार को बीजेपी सरकार के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए और खेल क्षेत्र के ढांचे में बदलाव की बात कही।
अखिलेश यादव ने कहा कि खेल को लेकर हुई बैठक में लिए गए फैसलों को आने वाले मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स के लिए जितना बजट होना चाहिए था, उतना बजट नहीं है और उनकी सरकार स्पोर्ट्स के ओवरऑल स्ट्रक्चर में बदलाव करेगी।
सपा प्रमुख ने कहा, "हमारे मुख्यमंत्री के खेल तो आप सभी जानते हैं. खिलाड़ियों से वादा करते हैं कि खेल के साथ कोई खेल नहीं होने देंगे."
अखिलेश यादव ने एक वीडियो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा था, जिसमें मुख्यमंत्री बास्केटबॉल खेल रहे थे और बॉल जा ही नहीं रही थी। अखिलेश ने कहा कि अगर बुलडोजर लेकर जाते तो शायद बॉल चली जाती और उन्हें भी आराम रहता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गांवों से खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि ग्राम, ब्लॉक, जिला और स्टेट लेवल पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिस तरह के स्ट्रक्चर में बदलाव की जरूरत होगी, वह काम किया जाएगा। खिलाड़ियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि अभी सरकार खिलाड़ियों को 11 लाख रुपये देती थी, जिसे बढ़ाकर 21 लाख रुपये किया जाएगा। अखिलेश यादव ने खेल और खिलाड़ियों की मौजूदा स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए।
गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला का एक पार्षद के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का जिक्र भी सामने आया। वीडियो में रवि किशन पार्षद से कह रहे हैं कि सपा ज्वाइन कई लेहला का? दरअसल, पार्षद ने नालियों में पानी भरने और जगह-जगह जलभराव को लेकर सवाल पूछा था, जिसके जवाब में रवि किशन ने भोजपुरी में यह बात कही।
इसके बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भोजपुरी में पलटवार किया। सपा प्रमुख ने भोजपुरी में कहा कि मेंबर बनी अब त सरकार बनी। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के जिन नेताओं ने गांव गोद लिए, उन्होंने उन्हें अनाथ छोड़ दिया।
गोरखपुर का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें लगता है कि वहां जो हो रहा है, वह आपसी लड़ाई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी का मुकाबला शायद वाहिनी से हो।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर को लेकर सैफई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सैफई के बारे में क्या-क्या बोलते हैं, उससे ही प्रेरणा ले लेते और सैफई से अच्छा काम अपने यहां करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोकसभा में भी कहा था कि गांव गोद लेने के बाद उसे अनाथ नहीं छोड़ा जाता।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 2017 में समाजवादी पार्टी ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर सपा का वोट काटा गया और पार्टी 2024 में जागरूक थी, इसलिए उसके सांसद जीतकर आए।
अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को रिवाल्वर तानकर वोट देने से रोका गया। उन्होंने कहा कि सुना है नोएडा में वोट चोरी हो रही है। चुनाव आयोग को लेकर अखिलेश यादव की ओर से वोट कटने और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोप पहले भी लगाए जाते रहे हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।