होम गर्रा नदी का बढ़ रहा जलस्तर, डीएम ने किया संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण; लोगों से सतर्क रहने की अपील
गर्रा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से सतर्क रहने और नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। गर्रा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से सतर्क रहने और नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड सुनील भास्कर, सहायक अभियंता शारदा नहर खंड, सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा आपदा विशेषज्ञ के साथ गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मोहल्ला सुभाष नगर के निकट गर्रा नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन पुल पर पहुंचकर नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मौजमपुर पम्प कैनाल के पास डैम रोड का निरीक्षण किया।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि डैम रोड के कल्वर्ट को लोक निर्माण विभाग के माध्यम से अपनी देखरेख में बंद कराना सुनिश्चित करें, ताकि गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बाढ़ का पानी नगर की ओर न आ सके।
जिलाधिकारी ने अजीजगंज तटबंध के निकट कांशीराम कॉलोनी के नाले पर लगे गेट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह सतर्क रहने तथा संभावित बाढ़ को देखते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। एडीएम को दो से तीन शरणालयों को सक्रिय करने के भी निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही भारी वर्षा के कारण गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़े हुए जलस्तर का प्रभाव 04 सितंबर 2026 तक शाहजहांपुर पहुंचने की संभावना है। नदी का जलस्तर करीब 148.00 मीटर तक पहुंच सकता है।
प्रशासन के अनुसार, 01 सितंबर 2026 को रात 11 बजे पीलीभीत स्थित दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 36,801 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस पानी का प्रभाव शाहजहांपुर शहर के अजीजगंज पुल पर आगामी 3 से 4 दिनों में पहुंचने की संभावना है। इससे मुख्य रूप से तहसील सदर और तहसील तिलहर के क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं।
वर्तमान में अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर 146.10 मीटर है और इसमें लगभग 2 मीटर की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, जलस्तर के 148.80 मीटर के खतरे के निशान से नीचे रहने का अनुमान है। फिलहाल अजीजगंज पुल पर नदी का जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति बनी हुई है।
पहाड़ी क्षेत्रों एवं रामगंगा नदी के कैचमेंट में हुई वर्षा के कारण शाहजहांपुर के डबरी घाट पर आगामी 3 से 4 दिनों में रामगंगा नदी का जलस्तर करीब 60 सेंटीमीटर बढ़ने की संभावना है। इसके खतरे के निशान 137.30 मीटर के निकट पहुंचने का अनुमान है।
इससे मुख्य रूप से तहसील परशुरामपुरी एवं कलान क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं। वर्तमान में डबरी घाट पर रामगंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की प्रवृत्ति में है।
जिलाधिकारी ने गर्रा एवं रामगंगा नदी के नगरीय, तटीय एवं डूब क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर संबंधित तहसीलें आवश्यक तैयारियों के साथ तत्पर रहें।
नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों, घाटों अथवा अजीजगंज पुल के निचले हिस्सों में स्नान, पशुओं को नहलाने या घूमने के लिए न जाएं।
बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर बांधने की व्यवस्था करें।
डूब क्षेत्र में रहने वाले लोग महत्वपूर्ण दस्तावेज, राशन, दवाइयां और कीमती सामान सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रख लें।
किसी भी भ्रामक खबर अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
जलस्तर में अधिक वृद्धि होने पर प्रशासन द्वारा दिए गए स्थानांतरण एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का तत्काल पालन करें।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क किया जा सकता है:
Phone: 05842-462754, 05842-351037, 05842-35108
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।