होम अखिलेश यादव पर Keshav Maurya का बड़ा हमला, बोले- ‘सपा और RJD की राजनीतिक कुंडली एक जैसी’
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और बिहार की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और बिहार की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दोनों दलों को जंगलराज, गुंडाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति का प्रतीक बताया। साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया है।
डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए सपा और RJD की राजनीतिक तुलना की। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े को अब उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किए जाने से यूपी की राजनीति में भाजपा को फायदा मिलेगा। इसी आधार पर उन्होंने प्रदेश में भाजपा की तीसरी जीत का दावा किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने पोस्ट में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लिखा, "सपा और राजद दोनों दलों की राजनीतिक कुंडली एक सरीखी है. मसलन, चाल, चरित्र और चेहरे में दोनों एक-दूसरे को ज़बरदस्त मात देते हैं, क्योंकि दोनों जंगलराज, गुंडाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति के ही प्रतीक हैं."
डिप्टी सीएम ने दोनों दलों की तुलना करते हुए आरोप लगाया कि उनकी राजनीति में जंगलराज, गुंडाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद जैसे मुद्दे प्रमुख रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में बिहार विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव में सपा का एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं था. इसके बावजूद सपा बहादुर अखिलेश यादव वहां अखाड़े में उतर गए. उनका आचरण जनता ने देखा. भाजपा को हराने का सपना देखने वाली राजद-कांग्रेस-सपा की तिकड़ी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तब के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अजेय विजेता जोड़ी ने जनता के आशीर्वाद से सूपड़ा ही साफ कर दिया."
उन्होंने बिहार में राजद, कांग्रेस और सपा के बीच बने राजनीतिक समीकरण पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि भाजपा और उसके सहयोगियों को जनता का समर्थन मिला।
विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की चुनावी रणनीति को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने लिखा, "बतौर प्रभारी, बिहार की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पार्टी नेतृत्व ने अब उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है. महज उनके उत्तर प्रदेश आगमन से ही सपाई ‘सन्न’ हैं. आधुनिक राजनीति के चाणक्य और देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश आगमन के बाद सपा का क्या हाल होगा? उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के साथ ही सपा की ‘सैफई वापसी’ सुनिश्चित है."
केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। डिप्टी सीएम ने जहां सपा पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर हमला बोला, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने का दावा भी किया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।